फतेहाबाद। नकली खाद, बीज व दवाओं की बिक्री की सूचना पाकर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से बतरा कॉलोनी में पार्क के पास स्थित जीआर एग्रो लिमिटेड पर छापा मारा। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार दुकान में रखे हर सामान को सीज करके दुकान को सील किया जाएगा और वीरवार को जांच की जाएगी। दुकान मालिक के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी दी गई है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि बतरा कॉलोनी में जीआर एग्रो लिमिटेड के नाम से दुकान में नकली खाद, बीज व कीटनाशक बेचा जा रहा है। सूचना पाकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम फतेहाबाद पहुंच गई। यहां पर कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. भीम सिंह कुलड़िया व कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों को टीम में शामिल किया गया व नायब तहसीलदार राजेश गर्ग ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौके पर पहुंचे। कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. भीम सिंह कुलड़िया ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो दुकान के संचालक सुनील मित्तल निवासी अल्फा सिटी दुकान में रखे खाद, बीज व कीटनाशक के कोई भी बिल नहीं दिखा पाए और टीम से झगड़ा करने लगे।
इस दौरान मौके पर पुलिस फोर्स को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि इस दुकान में कई कंपनियों की खाद, बीज व पेस्टीसाइड है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल दुकान में रखे पूरे स्टॉक को सीज कर दिया गया है और इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। यह कार्रवाई वीरवार को भी जारी रहेगी। दुकान मालिक ने सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाई है और कृषि विभाग के नियमों का भी उल्लंघन किया है। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक यह दुकान सील रहेगी और दुकान में रखे खाद, बीज व पेस्टीसाइड की जांच कृषि विभाग की टीम की ओर से की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि जीआर एग्रो लिमिटेड में नकली खाद, बीज व कीटनाशक बेचा जा रहा है। इसके लिए बुधवार को यहां पर रेड की गई थी। दुकान मालिक के खिलाफ पुलिस को सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने व विभागीय नियमों की अवहेलना की शिकायत दी गई है। साथ ही पूरे माल को सीज करके दुकान को सील कर दिया गया है।
डॉ. भीम सिंह कुलड़िया, एसडीओ, कृषि विभाग