फतेहाबाद के स्वामी नगर में डिस्पोजल टैंक की जगह के विवाद को लेकर डीसी के पास पहुंचे लोग जानकारी
फतेहाबाद। शहर के स्वामी नगर और हरनाम सिंह कॉलोनी में प्रस्तावित डिस्पोजल टैंक का विवाद मंगलवार को डीसी कार्यालय तक पहुंच गया। पार्षद ज्ञान सिंह के नेतृत्व में 200 से अधिक लोग डीसी डॉ. विवेक भारती से मिलने पहुंचे और टैंक निर्माण को लेकर अपनी मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से मामले का जल्द समाधान करवाने की मांग की। डीसी ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि समय दिया जाए समाधान किया जाएगा। स्वामी नगर के लोगों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे खुद खोदाई का काम शुरू करवाएंगे। मामले को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने तहसीलदार को पत्र लिखकर जगह की निशानदेही करवाने और रिपोर्ट देने को कहा है।
नगर परिषद कम्युनिटी सेंटर और उसके आसपास की जमीन की निशानदेही करवाएगी। वहीं दूसरी ओर ईसाई समाज के लोग डिस्पोजल टैंक निर्माण स्थल पर विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि वहां उनके बुजुर्गों की कब्रें हैं। समाज के लोगों ने शुक्रवार को काम रुकवा दिया था और थाने में शिकायत भी दी थी।
सोमवार को प्रशासन ने दोनों पक्षों को बुलाकर सहमति बनाने का प्रयास किया था लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। ईसाई समाज के लोगों का दावा है कि खोदाई के दौरान वहां से खोपड़ी भी मिली थी। वहीं स्वामी नगर के लोग जगह की जांच करवाकर जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं।
-
जगह लेकर रहेंगे, नहीं तो खुद करेंगे निर्माण
लघु सचिवालय पहुंचे पार्षद ज्ञान सिंह ने कहा कि कहा कि प्रशासन या तो टैंक का निर्माण करवा दें नहीं तो जनता खुद अपने स्तर पर डिस्पोजल टैंक बनवाएगी। कॉलोनी में पानी निकासी का प्रबंध नहीं है। सीवरेज प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है लेकिन डिस्पोजल टैंक न होने से परेशानी बढ़ रही है। 15 हजार की आबादी परेशान है। पार्षद ज्ञान सिंह का कहना है कि उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि तीन का समय दिया जाए समाधान करवाया जाएगा। प्रशासन को तीन दिन का समय दिया गया है।