फतेहाबाद/टोहाना/रतिया। जिले में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश जारी रही। जिले में औसतन बारिश 161 एमएम दर्ज की गई है। कुलां में 266 और जाखल में 248 एमएम बारिश हुई। टोहाना में शहर के अनाजमंडी स्थित सरकारी स्कूल में पानी घुस गया। शहर के किला मोहल्ला द्वोत्र में बारिश और सीवर लाइन का पानी नींव में जाने से मकान का अगला हिस्सा धंस गया। इससे मकान में रह रही विधवा राजरानी घायल हो गई। मॉडल टाऊन में मकान नंबर 8 के सामने जलघर की दीवार भी गिर गई।
लगातार हो रही बारिश के चलते रतिया में फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल यूनियन ने बैठक कर मंगलवार को निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। यूनियन के जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र रोमी गोस्वामी ने बताया बारिश से जगह- जगह जलभराव हो गया है। बच्चों को किसी प्रकार के जोखिम से बचाने के लिए मध्येनजर अवकाश का निर्णय लिया गया है। वहीं बारिश के बाद अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 28 पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
-
शहर में जलभराव, सड़कों पर वाहनों की लगी कतारें
सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर एक बजे तक जारी रही बारिश से फतेहाबाद शहर के निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। अग्रसेन चौक, रतिया रोड, भूना रोड, बीघड़ रोड, भट्टू रोड और सिरसा-हिसार रोड आदि मुख्य मार्गों पर तीन-तीन फीट तक पानी जमा हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भट्टू रोड पर रविवार को हुई बारिश के पानी की भी निकासी नहीं हो सकी। जलभराव से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
-
जलभराव से सेमग्रस्त क्षेत्र में फसलों को हुआ नुकसान
रविवार दोपहर से लेकर सोमवार तक हुई बारिश से जिले के भट्टू खंड के गांव भट्टू, खाबड़ा, ठुइंया, ढाबी कलां, ढाबी खुर्द, शेखुपर, बनमंदोरी व फतेहाबाद खंड के गांव बनगांव, खारा खाराखेड़ी और बड़ोपल के खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही पानी की निकासी नहीं हुई तो उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगी।
-
सीवरेज ओवरफ्लो होने से गलियों में बहता रहा दूषित पानी
जवाहर चौक, एमसी कॉलोनी और बीघड़ चौक पर सीवरेज के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी रहता। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एमसी कॉलोनी के रमेश, सुंदर, मांगेराम और अनिल आदि ने बताया कि हर बारिश में सीवरेज ओवरफ्लो होता है। इसके बावजूद भी जनस्वास्थ्य विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
-
कहां-कितनी बारिश हुई (एमएम में)
केंद्र बारिश
जाखल -266
फतेहाबाद - 123
रतिया- 94
कुलां -266
भट्टू कलां - 57
टोहाना -159
भूना- 166
-
:: मानसून टर्फ बंगाल से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं राजस्थान से होते हुए हरियाणा की तरफ बढ़ने की संभावना से मानसून की गतिविधियां राज्य में बढ़ोतरी की संभावना है। इससे राज्य में 29 अगस्त बारिश संभावित है। इससे वातावरण में नमी बढ़ने तथा तापमान में गिरावट रहने की संभावना है।
:: डाॅ. मदन खिचड़, विभागाध्यक्ष, मौसम विज्ञान विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार।