टोहाना। शहर के हिसार रोड स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में सुबह करीब सात बजकर 50 मिनट पर स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक आरएस पूनिया के निर्देश पर निदेशक डाॅ. कुलदीप गौरी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार डॉक्टर सहित अस्पताल के 18 स्टाफ सदस्य गैर हाजिर मिले। ड्यूटी पर नहीं मिले सभी कर्मचारियों की गैरहाजिरी भरकर उन्हें नोटिस जारी करने तथा सैलरी काटने की बात कही गई है।
वहीं, डाॅ. कुलदीप ने निर्माणाधीन सात मंजिला अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण करते हुए एसडीओ विजय शर्मा एवं ठेकेदार के सुपरवाइजर को उचित दिशा निर्देश भी दिए। निदेशक के पास निर्माण कार्य में निम्न स्तर की सामग्री का प्रयोग किए जाने की शिकायत आई थी। उन्होंने तय समय सीमा में अस्पताल निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए भी कहा। इस दौरान उनके साथ एसएमओ डाॅ. कुणाल वर्मा भी मौजूद रहे।
इमरजेंसी वार्ड से लेकर दवा स्टोर तक जांचा
डाॅ. कुलदीप गौरी ने निर्धारित समय सुबह 8 बजने के साथ ही स्टाफ की जांच शुरू कर दी। डाॅ. कुलदीप ने सबसे पहले पहले चिकित्सकों के कमरे, लैब रूम, इमरजेंसी वार्ड, डिस्पेंसरी, डिलिवरी रूम, बच्चों के लिए बनाई सुंदर नर्सरी, मेडिसिन स्टोर आदि जगहों पर जाकर जांच की। हाजिरी रजिस्टर जांचने पर चार चिकित्सक के अलावा तीन फार्मेसी ऑफिसर, तीन लैब कर्मचारी, पांच नर्सिंग कर्मचारी, तीन ऑपरेटर थियेटर सहायक सहित 14 अन्य कर्मचारी भी गैर हाजिर मिले। इसके बाद उन्होंने सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। डॉ. गौरी को नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए जरूरी दवाइयां उपलब्ध मिली तथा सफाई व्यवस्था भी ठीक पाई गई।
कोट
महानिदेशक के निर्देशानुसार टोहाना के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान अस्पताल में चार चिकित्सकों सहित 18 कर्मचारी गैर हाजिर मिले हैं। इन सभी की गैर हाजिरी लगा दी गई तथा वेतन भी काटा जाएगा। सभी को नोटिस जारी कर जवाब लिया जाएगा।
- डॉ. कुलदीप गौरी, निदेशक (डेंटल), स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा