जाखल। रेलवे ने अंबाला से हिसार के रायपुर जंक्शन तक वाया जाखल नई रेल सेवा का संचालन शुरू किया है। इस ट्रेन के शुरू होने से जाखल व आसपास के क्षेत्र को यात्रियों को अंबाला जाने में सुविधा व किराये में बचत होगी।
रेल मंत्रालय ने पत्र जारी कर इस रूट पर ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। शनिवार 17 मई से इस नए रूट पर उक्त ट्रेन की आवाजाही शुरू की जाएगी। इससे जाखल पहली बार सीधा अंबाला से जुड़ेगा। इस ट्रेन के शुरू होने से पहले जाखल से अंबाला रेल रूट पर कोई ट्रेन नहीं है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस रूट पर रेल संचालन शुरू करने की मांग रेलवे से कर रहा था।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
जाखल रेलवे स्टेशन अधीक्षक के मुताबिक यह ट्रेन अंबाला से आने के दौरान कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना के रास्ते जाखल होते हुए उकलाना से रायपुर हरियाणा की तरफ जाएगी। इसी तरह रायपुर से वापसी के दौरान ट्रेन इसी मार्ग से होते हुए अंबाला जाएगी। इस ट्रेन में दोनों तरफ इंजन लगा होगा। जिससे रूट बदलने पर बार- बार इंजन बदलना नहीं पड़ेगा।
-
तीन घंटे में तय होगी अंबाला की दूरी
शनिवार से इस ट्रेन का संचालन शुरू होगा। निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक ये ट्रेन शाम 7 बजकर 35 मिनट पर अंबाला से चलेगी, जो रात को 11 बजकर 20 मिनट पर जाखल स्टेशन पर पहुंचेगी। उसके बाद जाखल से आगे बढ़ते हुए रात एक बजे ट्रेन रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से ट्रेन रात्रि 2 बजकर 25 मिनट पर इसी रेल मार्ग पर अंबाला वापसी के लिए रवाना होगी, जो सुबह 3 बजकर 40 मिनट पर जाखल पहुंचकर 15 मिनट ठहराव करने के बाद 3 बजकर 55 मिनट पर जाखल से चलकर सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर अंबाला पहुंचेगी।
-
:: अंबाला से वाया जाखल होकर रायपुर हरियाणा रूट पर ट्रेन के संचालन के लिए रेल मंत्रालय की तरफ से पत्र जारी हो चुका है। शनिवार से इस ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। ट्रेन के स्टॉपेज और टाइम टेबल जारी किया जा चुका है।
-चांदराम दहिया, स्टेशन अधीक्षक जाखल