आरोपी द्वारा गाड़ी पर किए हमले के बाद क्षतिग्रस्त पुलिस गाड़ी
टोहाना। गांव खनौरा में वीरवार सुबह दंपती में झगड़े की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही टीम वहां पर पहुंची तो महिला के पति ने गाड़ी पर ईंट दे मारी। जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। वहीं हमले में गाड़ी का बोनट भी क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। सदर पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डायल 112 पर नियुक्त सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि उनके पास गांव खनौरा में झगड़े की सूचना आई। इस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि वार्ड 3 से सदस्य सतनाम सिंह अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा है। जब उन्होंने सतनाम को रोकने का प्रयास किया तो उसने गली में पड़ी ईंट उठाकर पुलिस की गाड़ी पर मारी। जिससे गाड़ी का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा टूटा गया।
गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। डायल 112 की टीम ने घटना की सूचना सदर पुलिस को दी। इसके बाद एसआई हरदयाल सिंह मौके पर पहुंचे।
सदर पुलिस ने डायल 112 गाड़ी पर कार्यरत कर्मचारियों के बयान दर्ज आरोपी सतनाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना सदर प्रभारी शादीराम के अनुसार आरोपी सतनाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।