शहर में शोभा यात्रा से पहले बैठक करते शीश का दानी संस्था के सदस्य। संवाद
फतेहाबाद। बाबा खाटू श्याम के प्रेमी 29 जनवरी को 2121 फीट की ध्वजा रींगस स्थित बाबा खाटू श्याम के दरबार में अर्पित करेंगे। यह ध्वजा शीश के दानी ट्रस्ट की ओर से तैयार करवाई गई है, जो 28 जनवरी को शहर से रवाना होगी।
ट्रस्ट के प्रधान रिंकू जुनेजा ने बताया कि ट्रस्ट के सदस्यों ने श्रीकृष्ण भगवान के जन्म स्थान मथुरा से पावन ध्वजा तैयार करवाई है। 2121 फीट की यह ध्वजा 41 दिनों में तैयार हुई है। और 28 जनवरी को सुबह 11 बजे बाबा श्याम की शोभा यात्रा शहर में निकाली जाएगी। इसके बाद शाम बजे यह शोभायात्रा अनाज मंडी शेड पर संपन्न की जाएगी।
यात्रा में बाबा के रथ के पीछे यह ध्वजा भी शामिल की जाएगी और 29 जनवरी को यह ध्वजा रींगस से खाटू श्याम के लिए रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह ध्वजा करीब एक किलोमीटर लंबी है, जिसे 400 से 500 श्याम प्रेमी एक साथ उठाएंगे और अनुमान है कि एक लाख के करीब श्याम प्रेमी ध्वजा के साथ चलेंगे उन्होंने बताया कि उनके ट्रस्ट में 30 मेंबर शामिल हैं। इससे पहले दो बार ऐसी ध्वजा लेकर ट्रस्ट के सदस्य बाबा के दरबार में गए हैं। पहले 2023 में 1125 फीट और फिर 2024 में 1551 फीट की ध्वजा चढ़ाई गई थी।
17 किलोमीटर की दूरी पैदल तय होगी
प्रधान रिंकू जुनेजा ने बताया कि 28 जनवरी को शहर में शोभायात्रा निकालने के बाद वाहनों की मदद से इसे रींगस लेकर पहुंचेंगे। 29 जनवरी की सुबह रींगस से खाटू श्याम मंदिर तक करीब 17 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की जाएगी। रींगस से ध्वजा यात्रा शुरू करवाने के लिए खाटू श्याम मंदिर के मंत्री पुजारी मानविंदर सिंह चौहान व भजन गायक कन्हैया मित्तल भी वहां पहुंचेगे। वहीं संस्था की ओर से करीब 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर रींगस जाएंगी।