फतेहाबाद। जिला मुख्यालय के नागरिक अस्पताल के भवन के सुंदरीकरण का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग यह कार्य करवा रहा है। इस पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा दो करोड़ इलेक्ट्रिसिटी कार्य पर खर्च होंगे। विभाग को यह काम एक माह में पूरा करना होगा।
सीएम नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों जिला नागरिक अस्पताल के मरम्मत कार्य को लेकर रिपोर्ट मांगी थी, जिसमें सामने आया कि अस्टीमेट बनने के बाद भी काम शुरू नहीं हुए। इस पर सीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एक माह के अंदर नागरिक अस्पताल के सुंदरीकरण का काम पूरा करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि करीब एक माह बाद सीएम इसका उद्घाटन करेंगे।
प्रदेश के 10 जिलों के जिला अस्पताल में ये काम शुरू हुए हैं। एक साथ सीएम इन अस्पतालों का उद्घाटन कर सकते हैं। फिलहाल लोक निर्माण विभाग ने नागरिक अस्पताल के शौचालयों में मरम्मत का काम शुरू करवाया है। इसके अलावा भवन के फ्रंट के आगे मरम्मत का काम शुरू हुआ है। खास बात यह है कि सीएम के आदेश बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के साथ काम शुरू करवा दिया है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से 5 टेंडर जारी किए हैं। ये करीब 97 लाख रुपये के हैं।
-
लघु सचिवालय की तरह होगा गेट
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की माने तो नागरिक अस्पताल का द्वार भी नया बनाया जाएगा। इसका डिजाइन लघु सचिवालय के गेट की तरह ही रखा जाएगा। इसके साइज को भी चौड़ा किया जा सकता है। इसके अलावा अस्पताल मेंपार्किंग शेड भी बनेगा। इसके अलावा पार्किंग स्थल को पक्का किया जाएगा। इस पर करीब 24 लाख रुपये खर्च होने हैं।
-
छतों का कई बार गिर चुका है प्लास्टर
नागरिक अस्पताल की छतों का कई बार प्लास्टर गिर चुका है। बीते सालों में प्लास्टर गिरने से नवजात की मौत भी हुई थी। हालांकि इसके बाद प्रशासन हरकत में आया था और मरम्मत कार्य करवाए थे, लेकिन उसके बाद भी कई बार प्लास्टर गिर चुके हैं। यही नहीं इमारत पुरानी होने से छत से पानी भी टपकता है।
-
बिजली की बदली जाएंगी तार
नागरिक अस्पताल का भवन करीब 42 साल पुराना है। प्रबंधन ने मरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग से अस्टीमेट मांगा था। इसके तहत सिविल वर्क के लिए 4 करोड़ और बिजली संबंधित काम के लिए 2 करोड़ का अस्टीमेट दिया गया। बिजली का काम भी लोक निर्माण विभाग ही करवाएगा। इसके अलावा बिजली पैनल भी बदले जाएंगे। पिछले दिनों ऑक्सीजन प्लांट में पानी भरने से अर्थिंग हुई थी और नर्सरी में स्टाफ नर्स को करंट लगा था।
-
अगले साल नया अस्पताल भी हैंडओवर का दावा
नागरिक अस्पताल के नए भवन का सेक्टर 9 में निर्माण हो रहा है। इस अस्पताल के भवन को अगले साल 30 जून तक हैंडओवर का दावा किया गया है। ऐसे में यहां से अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। ये भवन किसको दिया जाएगा, ये अभी तय नही है। हालांकि मुख्यालय ने सिविल सर्जन कार्यालय को यहां पर शिफ्ट करने के निर्देश दे रखे हैं।
-
नागरिक अस्पताल के भवन का सुंदरीकरण करवाया जा रहा है। इस पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। अस्पताल का गेट भी नया बनेगा।
- गजेंद्र सिंह, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, फतेहाबाद।