फतेहाबाद। नगर परिषद पार्षदों ने 9 दिनों तक कार्यालय के बाहर धरना दिया, हाउस बैठक हुई, 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया लेकिन हुआ कुछ नहीं। यहां तक कि पार्कों में झूले लग पाए न जिम और न ही टूटी गलियों के एस्टीमेट बन पाए हैं। बदले हैं तो सिर्फ अधिकारी।
नगर परिषद कार्यालय में पार्षदों के धरने के बाद चार में से तीन कनिष्ठ अभियंता बदले जा चुके हैं पर इनकी जगह पर आया एक भी नहीं है। हालात यह है कि पार्षदों ने 200 से ज्यादा प्रस्ताव दिए हैं जिनके अभी तक एस्टीमेट नहीं बन पाए हैं। अब पार्षदों का कहना है कि काम न होने पर डीएमसी अनुराग ढालिया से मिलेंगे।
वहीं उपप्रधान सविता टुटेजा जल्द पार्षदों को साथ लेकर सीएम से मिल सकती हैं। प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची काम न होने पर नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल के सामने समस्याएं रखेंगे।
-
पार्षद ज्योति ने उठाया था झूलों का मुद्दा
पार्षद ज्योति मेहता ने हाउस बैठक में पार्कों में झूले और जिम न होने और जो लगे हैं उनके टूटे होने का मुद्दा उठाते हुए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन हालात यह है कि नगर परिषद की तकनीकी शाखा ने 25 लाख रुपये से झूले और 25 लाख से ओपन जिम लगाने की नोटिंग तैयार कर ली पर मंजूरी के लिए प्रस्ताव नहीं भेजा है।
-
शहर के ये बड़े प्रोजेक्ट अटके हुए हैं
- आजाद नगर में कम्युनिटी सेंटर का निर्माण
- मिनी बाईपास पर साइकिल ट्रैक का निर्माण
- बीघड़ रोड कम्युनिटी सेंटर में ऑडिटोरियम का निर्माण
- नगर परिषद के नए भवन का निर्माण
- नगर परिषद कार्यालय के सामने डिवाइडर का निर्माण
- मिनी बाईपास से डीएवी स्कूल तक स्ट्रीट लाइटें लगें
- सेक्टर से नए बस स्टैंड तक स्ट्रीट लाइटें
- कपड़ा मार्केट में दुकानों की रजिस्ट्री
-
धरने के बाद तीन जेई ट्रांसफर, आया एक नहीं
नगर परिषद कार्यालय के बाहर पार्षदों ने 9 दिनों तक धरना दिया था। धरने के बाद चार में से तीन जेई के तबादले किए जा चुके हैं। इसमें जेई लोकेंद्र, बृजलाल और अरुण शामिल हैं। जाखल से जेई रविकांत के फतेहाबाद ट्रांसफर आदेश किए गए थे लेकिन 15 दिन बाद भी ज्वाइन नहीं किया है। यहां तक नगर परिषद फतेहाबाद से ईओ राजेंद्र सोनी का हांसी तबादला किया जा चुका है। कार्यकारी अभियंता लंबी छुट्टी पर है। इसका चार्ज कार्यभार सिरसा के कार्यकारी अभियंता को दिया गया है।
-
शहर में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। हाउस बैठक में जो प्रस्ताव दिए गए थे उन्हें अभी तक एस्टीमेट ही नहीं बने हैं। कार्यालय में अधिकारी ही नहीं हैं। सोमवार को पार्षद एकत्रित होकर डीएमसी से मिलेंगे और समाधान की मांग की जाएगी।
- मोहन लाल नारंग, पार्षद वार्ड 12।
-
शहर में विकास कार्यों न होने के बारे में जो दिक्कत आ रही है उसे सीएम नायब सिंह सैनी के सामने रखा जाएगा। पार्षदों को साथ लेकर इस बारे में जल्द ही सीएम से मिलेंगे।
- सविता टुटेजा, उपप्रधान, नगर परिषद।
-
शहर में विकास कार्य न होने को लेकर डीएमसी से मिला था और समस्याएं रखी हैं। जेई के पद खाली हो चुके हैं। एस्टीमेट कैसे तैयार होंगे। विकास कार्यों न होने पर पार्षदों के साथ मिलकर धरना दिया था लेकिन हालात नहीं सुधरे हैं। अगले सप्ताह चंडीगढ़ में नगर निकाय मंत्री से मिलूंगा और समस्याएं रखी जाएंगी।
-राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद