फतेहाबाद में चिल्ली झील पर बना डिस्पोजल टैंकसंवाद
फतेहाबाद। शहर के चिल्ली झील सुंदरीकरण के नाम पर सरकार की तरफ से जारी हुए 13 करोड़ रुपये गोलमाल करने के आरोपों की जांच के आदेश मंडल आयुक्त ने उपायुक्त मनदीप कौर को दिए हैं। यह कार्रवाई आम आदमी पार्टी हरियाणा यूथ विंग के सह सचिव राधेश्याम सोनी की ओर से आयुक्त कार्यालय को भेजी गई शिकायत के बाद हुई है।
शिकायत में सोनी ने कहा कि चिल्ली झील सुंदरीकरण के नाम पर सरकार ने 13 करोड़ रुपये जारी किए थे। इसमें से 8 करोड़ रुपये खर्च का दावा किया गया है लेकिन जलभराव की स्थिति जस की तस है और न ही सुंदरीकरण हुआ है। विधानसभा सब्जेक्ट कमेटी ने भी माना है कि जितनी राशि खर्च हुई है उसका सही इस्तेमाल नहीं हुआ है।
बता दें कि नगर परिषद ने जनस्वास्थ्य विभाग को करीब 8.40 करोड़ रुपये पाइप लाइन डालने के लिए दिए थे। चिल्ली झील से रंगोई नाले तक पानी निकासी पाइप लाइन डाली गई है। पिछले दिनों हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढ़ा ने विधायकों के साथ चिल्ली झील का निरीक्षण भी किया था।
-
चिल्ली झील को लेकर कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट
विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ्ढा रविवार को फतेहाबाद में एक कार्यक्रम में पहुंचे। यहां पर उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सब्जेक्ट कमेटी ने जलभराव प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान चिल्ली झील का मुद्दा सामने आया था। इसकी रिपोर्ट बनाकर कमेटी को सौंपी जा चुकी है।