फतेहाबाद। जिले में डेंगू के केस बढ़ने शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को डेंगू पीड़ित चार नए मरीज मिले हैं। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर जिले में 22 हो गई है और पांच मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। स्वास्थ्य विभाग अब तक 572 सैंपलों की जांच कर चुका है, और जिले में 2914 जगहों पर डेंगू का लारवा मिल चुका है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक टोहाना के गुप्ता कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवक, टोहाना के वार्ड नंबर 7 निवासी 16 वर्षीय किशोर, हंस कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय किशोर और हुडा सेक्टर तीन निवासी 40 वर्षीय डेंगू पीड़ित मिला है। वहीं डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें 656607 जगहों पर सर्वे कर चुकी है। सर्वे के दौरान 2914 जगहों पर लारवा मिला है। शुक्रवार को 4481 जगहों पर सर्वे किया गया, यहां 21 जगह पर लारवा मिल चुका है। अब तक 2837 लोगों को लारवा मिलने पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। बावजूद इसके शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग नहीं बढ़ी है। शहर में स्वास्थ्य विभाग नगर परिषद के भरोसे है लेकिन नगर परिषद फॉगिंग को लेकर खानापूर्ति कर रहा है।
फॉगिंग के नाम पर शहर में खानापूर्ति, कर्मचारी कर रहे मनमर्जी
स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्र में फॉगिंग का जिम्मा नगर परिषद को सौंप रखा है और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत के हवाले फॉगिंग है। लेकिन दोनों ही जगह पर फॉगिंग को लेकर खानापूर्ति हो रही है। शहर फतेहाबाद में नगर परिषद ने फॉगिंग के लिए शेड्यूल ही नहीं बनाया है। कर्मचारी अपनी मर्जी से फॉगिंग कर रहे हैं। वहीं शहर के बाहरी क्षेत्र में अब तक फॉगिंग नहीं हुई और न ही नप में शामिल हुई नई कॉलोनियों में टीम फॉगिंग के लिए नहीं पहुंची है। ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीपीओ कार्यालय के अधिकारियों के पास फॉगिंग का जिम्मा है लेकिन डेंगू केस मिलने बाद भी संबंधित क्षेत्र में फॉगिंग नहीं करवाई जा रही है।
पिछले साल कहर बरपा चुका है डेंगू
वर्ष मरीज मिले
2015 189
2016 38
2017 419
2018 56
2019 29
2020 35
2021 993
2022 22
दिन में काटता है डेंगू फैलने वाला मच्छर
डेंगू बुखार एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर दिन में काटता है। डेंगू का मच्छर किसी भी जल इकट्ठा करने वाले बर्तन में पैदा हो सकता है। यह स्वच्छ जल में पनपता है। यह मच्छर कूलर, टंकी, गमला, टैंक, छतों पर पड़े टायर, फ्रीज के पीछे लगी ट्रे, गड्ढों में ठहरे पानी व नालियों में रुके पानी में पैदा हो सकता है।
ये हैं डेंगू के लक्षण
डेंगू बुखार के रोगी में यह लक्षण आमतौर पर मिलते हैं जैसे कि तीव्र बुखार, सिर के अगले हिस्से में तेज दर्द, आंख के पिछले भाग में दर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, भूख कम लगना, शरीर पर खसरे जैसे दानों का निकलना व लाल चक्कते बनना, मिचली व उल्टी आना इत्यादि।
कोट
शहर में फॉगिंग के लिए नगर परिषद को दवाई उपलब्ध करवा रखी है। फॉगिंग नगर परिषद को करवानी है, अगर ये नहीं कर रहे हैं तो इस संदर्भ में इनसे बात की जाएगी।
- डॉ. अरुण, उप सिविल सर्जन
कोट
नगर परिषद के पास फॉगिंग की तीन मशीनें हैं, हम अपने स्तर पर फॉगिंग करवा रहे हैं।
- मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक