फतेहाबाद। बैठक में भाग लेते हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के पदाधिकारीस्त्रोत संघ
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने 3 जनवरी को सावित्रीबाई फुले के जन्मदिन को राष्ट्रीय शिक्षिका दिवस घोषित करने की मांग की है। इस मांग को पूरा करने के लिए संघ जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा। यह निर्णय वीरवार को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राजपाल मिताथल ने तथा संचालन जिला सचिव देसराज माचरा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य उपमहासचिव कृष्ण नैन ने कहा कि अध्यापक स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर बजट सत्र में प्रस्तावित संसद पर धरना प्रदर्शन में तैयारी के साथ भागीदारी करेंगे।
इसके अलावा सावित्रीबाई के जन्मदिन 3 जनवरी को राष्ट्रीय शिक्षिका दिवस घोषित करने के लिए 1 जनवरी को कन्वेंशन की जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में आगामी सत्र में प्रवेश के लिए अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई। शिक्षकों पर थोपी जा रहे टेट का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अध्यापकों को ज्यादा से ज्यादा गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाए रखती है, जिसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ता है। यहां तक कि आवारा पशुओं व कुत्तों को भगाने व पकड़ने के लिए अध्यापकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसका अध्यापक संघ पुरजोर विरोध करता है।
अध्यापक नेताओं ने कहा कि अभी तक मिड डे मील व पार्ट टाइम स्वीपर को मानदेय नहीं मिला है। हरियाणा सरकार स्कूलों में सफाई कर्मचारी नियुक्त नहीं कर रही है लेकिन स्कूल मुखियाओं को टॉयलेट व स्कूल क्षेत्र की सफाई का आदेश दिया गया है। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष जगजीत मुड़ाही, फतेहाबाद प्रधान हरपाल हुड्डा, भट्टू प्रधान सतपाल ढाका, भूना प्रधान दलबीर सिंह, सचिव नरेश कुमार और कार्यालय सचिव राधेश्याम उपस्थित रहे।