टोहाना। सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने टोहाना रेलवे स्टेशन पर चार एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र सिरसा के तहत जिला फतेहाबाद के टोहाना में वर्तमान में कई ट्रेनों का ठहराव नहीं है। उन्होंने हजूर साहिब अमृतसर एक्सप्रेस 12421/12422, हजूर साहिब नांदेड़-फिरोजपुर एक्सप्रेस 14621/14622 तथा हजूर साहिब नांदेड़-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 12485/12486 वाया अबोहर एवं 12439/12440 वाया हनुमानगढ़ शामिल हैं।
सैलजा ने पत्र में लिखा है कि फतेहाबाद के टोहाना क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमृतसर स्थित गुरुद्वारा हरमंदिर साहिब तथा नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा हजूर साहिब जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। उक्त ट्रेनों का टोहाना रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों पर जाकर ट्रेन बदलनी पड़ती है।
इससे उन्हें अतिरिक्त समय, अधिक यात्रा व्यय और अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ता है। सांसद ने कहा कि इन ट्रेनों का टोहाना में ठहराव होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों और श्रद्धालुओं को सीधा, सुविधाजनक और किफायती रेल संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने रेल मंत्री से इस जनहित के मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन प्रवक्ता हरजीत सिंह ने बताया कि सांसद कुमारी सैलजा की ओर से रेलमंत्री को पत्र लिखा गया है। अब वे सरकार से मांग करते हैं जल्द से जल्द उक्त ट्रेनों का ठहराव किया जाए।