फतेहाबाद । जिले में बरसात से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी ने सरकार से गिरदावरी कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।
किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा व जिला सचिव राजेन्द्र प्रसाद बाटू ने कहा कि प्रदेश सरकार धान की खरीद को सुचारू रूप से करवाने में पूरी तरह फेल है। मण्डियों में पुख्ता इंतजाम व आधी-अधूरी तैयारियों के चलते किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है और बदइंतजामी के चलते मंडियों में खुले में पड़ा धान भीग रहा है।
किसान नेताओं ने कहा कि पहले ही प्रदेश भर में लाखों एकड़ फसल जलभराव के चलते बर्बाद हो चुकी है अभी तक पानी की निकासी नहीं हुई। किसान सभा ने सरकार पर धान की खरीद को सुचारू रूप से करवाने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार की बदइंतजामी के चलते मंडियों में धान खुले में पड़ा भीग रहा है।