कुलां। धारसूल खरीद केंद्र में पड़ी धान की फसल। संवाद
कुलां। धारसूल अनाजमंडी में धान की आवक बढ़ने के बीच किसानों ने एमएसपी से 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल कम भाव पर खरीद और अतिरिक्त कटौती के आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि निजी व्यापारी और राइस मिलर्स सड़क पर ही धान का भाव तय कर रहे हैं।
किसान रामकुमार, प्रहलाद और अमर सिंह ने आरोप लगाया कि धान की गुणवत्ता जांचने के बाद मिलर्स या उनके कारिंदे भाव तय करते हैं। इसके बाद निजी धर्मकांटों पर तुलाई करवाकर धान मंडी पहुंचाया जाता है। किसानों ने सवाल उठाया कि सरकारी खरीद के लिए आने वाले धान की निजी कांटों पर तुलाई क्यों हो रही है।
किसानों ने मंडी स्टॉक, गेट पास, किसान पंजीकरण, भुगतान और मिलवार उठान के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की। उन्होंने धारसूल और रसूलपुर के पास बनाए गए अस्थायी खरीद केंद्रों की प्रक्रिया की जांच की भी मांग उठाई। गांव पारता के किसान सतबीर और विनोद ने कम भाव पर धान बेचने की मजबूरी बताई।
मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ अभिनव वालिया ने निजी धर्मकांटों पर धान तुलाई के आरोपों से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि मंडी में नियमानुसार तुलाई होती है और जल्द ही धारसूल मंडी का निरीक्षण किया जाएगा।