जाखल। रेलवे प्रशासन के दिल्ली-जाखल पैसेंजर ट्रेन को आगामी तीन महीनों के लिए बंद रखने के फैसले ने रेलयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर दिल्ली से वाया टोहाना होते हुए जाखल आने वाली पैसेंजर ट्रेन को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द करने का निर्णय लिया गया है। अगर ट्रेन को बंद किया गया तो दिल्ली-बठिंडा की ओर आवागमन करने वाले रेल यात्रियों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा। रेलयात्रियों ने राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला के जरिए इस ट्रेन को बंद करवाने के फैसले को वापस लेने की मांग की है।
गौरतलब है कि उक्त ट्रेन सुबह 4:35 बजे जाखल से दिल्ली की ओर जाती है। उसके बाद यही ट्रेन दिल्ली से वापस रात को करीब 8:30 बजे जाखल आती है। मगर रेलवे के ट्रेन रद्द के निर्णय से यात्रियों में निराशा देखने को मिली है।
यात्रियों का कहना है कि जो ट्रेन सुबह दिल्ली के लिए जाती है, रात को वही ट्रेन दिल्ली से जाखल वापस आती है। ऐसे में नौकरीपेशा से लेकर कारोबारियों व सामान्य यात्रियों को भी खूब परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ट्रेन संख्या 04431 रात को दिल्ली से जाखल जंक्शन स्टेशन पर आने वाली एकमात्र पैसेंजर ट्रेन है। इस ट्रेन के रद्द होने से दैनिक यात्रियों, नौकरी पेशा आदि को बेहद परेशानी होगी। हमारी अपील है कि रेलवे जनहित में संज्ञान लें और इस ट्रेन को रद्द किए जाने का निर्णय तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। -विमल सिंगला, समाजसेवी, जाखल
रेलवे द्वारा लिए गए इस निर्णय को लेकर आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेल विभाग द्वारा लिए गए इस निर्णय से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को रात के समय में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। -बलकार सिंह सरोये, समाजसेवी, जाखल
ट्रेन सेवा बंद होने को लेकर लोगों में रोष है। रेलवे प्रशासन को इसे लेकर कोई पुख्ता प्रबंध करने चाहिए ताकि रात के समय में आने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। -कांत जैन, समाजसेवी, जाखल
अगर वास्तव में ट्रेन बंद होने को लेकर रेल विभाग द्वारा सूचना जारी की गई है तो इसके बारे में रेल मंत्रालय में बात की जाएगी। आमजन को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेल मंत्रालय में बात करके इसका परिचालन जारी रखवाने का प्रयास किया जाएगा। -सुभाष बराला, राज्यसभा सदस्य।