फतेहाबाद। भट्टू रेलवे स्टेशन से सिरसा जिले के डिंग रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे लाइन पर पंजाब निवासी युवक का शव बरामद किया गया है। युवक की मौत ट्रेन से कटकर होने की आशंका जताई गई है। रेलवे पुलिस के अनुसार मृतक के शव को जानवरों ने गर्दन के पास नोचा हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। बाद में सूचना मिलने पर पंजाब से परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के अनुसार पंजाब के बठिंडा जिले के तलवंडी साबो क्षेत्र के गांव तिवोणा निवासी 32 वर्षीय खुशदीप पेंटर था। कुछ दिन पहले वह पेंटिंग का काम करने के लिए गांव से इस क्षेत्र में आया हुआ था। उसका शव भट्टू से डिंग के बीच रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। शरीर पर कटने के निशान थे, जबकि गर्दन के पास जानवरों ने नोचा हुआ था। मृतक के बड़े भाई सुखदीप ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे उसकी अपने भाई खुशदीप के साथ अंतिम बार बात हुई थी, अचानक से फोन कट गया और दोबारा मिलाने पर फोन बंद आ रहा था। सोमवार को भी उन्होंने फिर से फोन किया तो फोन रेलवे पुलिस के कर्मचारी ने उठाया और घटना के बारे में बताया।