रतिया। गांव हड़ोली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार सुबह गांव के ही 20 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बिना बताए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गांववासियों ने आशंका जताई है कि नशे की ओवरडोज के कारण युवक की मौत हुई है। शव के पास से सिरिंज भी मिली बताई गई है।
रविवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव के सरकारी स्कूल के आसपास खड़े थे। उन्होंने देखा कि स्कूल के अंदर दीवार के पास एक युवक गिरा हुआ पड़ा है। जब ग्रामीण दीवार फांदकर स्कूल के अंदर गए तो देखा कि गांव के ही 20 वर्षीय युवक का शव था। उन्होंने इसकी सूचना युवक के परिजनों को दी। ग्रामीणों के अनुसार युवक का पिता मजदूरी करके घर का गुजारा करता है। मृतक दो बहनों का इकलौता भाई था। सरपंच प्रतिनिधि नक्षत्र सिंह ने बताया कि स्कूल में युवक का शव मिला है। परिजनों ने ग्रामीणों से विचार विमर्श के बाद युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक के नशे का आदी होना बताया गया है। नागपुर चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह ने बताया कि उनके पास शव मिलने की कोई सूचना नहीं आई है। ग्रामीण गमदूर सिंह, गुरुदेव सिंह, बिट्टू ने पुलिस प्रशासन से नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसी घटना न घटे। किसान नेता मनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन किसानों के साथ मोर्चा लेने की जगह नशे के व्यापारियों पर नकल कसे ताकि युवा पीढ़ी नशे की दलदल से दूर हो सके। उन्होंने कहा कि वह गांव-गांव जाकर जल्दी नशे के खिलाफ अभियान भी चलाएंगे।