भूना की शास्त्री अनाज मंडी में गेहूं की नमी जांचते डॉ विवेक भारती।
भूना। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने रबी सीजन की खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए शुक्रवार को भूना की अनाज मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मी अनाज मंडी और शास्त्री अनाज मंडी में चल रही खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अटल कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता जांचीं और पाइपलाइन कार्य में खामियों पर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने तौल प्रक्रिया, फसल की गुणवत्ता जांच, उठान व्यवस्था और गेटपास प्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित हों, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया।
डॉ. भारती ने मार्केट कमेटी रेस्ट हाउस स्थित अटल कैंटीन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंटीन में गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले हर वाहन की गेट पर फोटो ली जाए और सभी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इसके अलावा डीसी ने उपतहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं बरसाती पानी निकासी पाइपलाइन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्य में सुधार के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम राजेश कुमार, नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार, बीडीपीओ भजनलाल शर्मा, डीएफएससी कुशल बूरा, मार्केट कमेटी सचिव ईश्वर सिंह ढाका, श्यामलाल बंसल, पवन कुमार सिंगला आदि मौजूद रहे।