फतेहबाद में गैस एजेंसी पर लगी भीड़
फतेहाबाद। जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग के लिए एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइन लग रही है। उपभोक्ता सुबह से दोपहर तक बुकिंग करवाने के लिए परेशान हो रहे हैं। होम डिलिवरी न मिलने से गांवों से उपभोक्ताओं को शहर में आना पड़ रहा है। हालात ये है कि मुख्य एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की मारामारी जारी है। जबकि प्रशासन का दावा है कि 20 हजार गैस सिलिंडर का स्टॉक मौजूद है।
प्रशासन की तरफ से वीरवार को दावा किया गया कि गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिए गठित टीम अब तक की कार्रवाई में 91 घरेलू व कॉमर्शियल सिलिंडर अनुचित प्रयोग में उपयोग करते हुए पाए जाने पर जब्त किए गए हैं।
डीएफएससी कुशल बूरा ने बताया कि जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। तीनों कंपनियों से 9204 भरे हुए सिलिंडर प्राप्त हुए हैं जबकि जिला की 23 गैस एजेंसियों के पास 11,323 सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। इस प्रकार जिले में 20527 सिलिंडर उपलब्ध हैं। एक अप्रैल को गैस एजेंसियों द्वारा 4136 रिफिल किए गए हैं।
-
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01667-230773 जारी किया गया है। इस हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित नोडल अधिकारी के पास भेजकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक हेल्पलाइन के माध्यम से कुल 125 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।
-कुशलपाल बूरा, डीएफएससी