फतेहाबाद। एक माह पहले हुई बारिश से सेमग्रस्त क्षेत्र में जलभराव हो गया। इससे जिले के 21 गांवों में फसलें प्रभावित हो चुकी हैं। फसलों में हुए नुकसान की अभी तक करीब 6 हजार एकड़ की गिरदावरी हो सकी है।
गिरदावरी होने के बाद इन गांवों के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल 5 सितंबर तक खोला गया है। जिसमें किसान अपनी फसल में नुकसान की भरपाई के लिए आवेदन कर रहे हैं। भट्टू खंड के 14 और फतेहाबाद खंड के 7 गांव शामिल हैं। इन गांवों में सेम की समस्या होने के कारण बारिश का पानी एकत्रित हो गया। इससे नरमा, धान, ग्वार, मूंगफली और बाजरा सहित अन्य सभी प्रकार की खरीफ फसलों में काफी नुकसान हुआ है।
इसको लेकर फतेहाबाद के राजस्व विभाग ने इन 21 गांवों के लिए 25 अगस्त से 5 सितंबर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला है। इसमें अभी तक 1008 किसानों ने 55,20,724 एकड़ के लिए आवेदन किया गया है।
-
इन गांवों में है नुकसान
भट्टू खंड के 14 गांवों में जलभराव की समस्या है। इनमें गांव बनमंदोरी, बनावाली, दैयड़, ढांड, गदली, ठुइंया, खाबड़ा कलां, खाबड़ा खुर्द, किरढ़ान, ढाबी खुर्द, ढाबी कलां, भट्टू कलां, जांडवाला बागड़, शेखुपुर और सूली खेड़ा शामिल हैं। फतेहाबाद खंड के सात गांव हैं। इनमें गांव अलीपुर बरौटा, अयाल्की, बड़ोपल, बहबलपुर, बनगांव, बरसीन, बस्ती, भीवां, भड़ोलांवाली और भट्टू खुर्द शामिल हैं।
:: जिले में अगस्त माह के शुरू में हुई बारिश से सेमग्रस्त क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी थी। इससे फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए संबंधित विभाग के पटवारियों ने गिरदावरी शुरू कर दी है। वहीं किसानों से ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल नुकसान के आंकड़ों के आवेदन प्रक्रिया जारी है। इसके बाद पटवारी नुकसान का रिकॉर्ड जांच कर राजस्व विभाग को रिपोर्ट सौंप देंगे।
-गिरधारी, सदर कानूनगाे, राजस्व विभाग, फतेहाबाद।