गांव चुहड़पुर में जमीनी कब्जे के विवाद में एसपी से मिले पीड़ित पक्ष के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान ले लिया है। मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष के पांच व्यक्तियों सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्या था मामला
गांव चुहड़पुर में बीती 14 जून को जमीनी कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। शुक्रवार को पीड़ित पक्ष के लोगों में शामिल प्रेम सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह व अन्यों ने एसपी ओपी नरवाल से मिलकर पुलिसिया कार्रवाई पर रोष जताया था। प्रेम सिंह ने बताया था कि 14 जून को भुपिंद्र सिंह अपने परिवार के कई लोगों के साथ 2 ट्रैक्टरों पर सवार होकर उसकी जमीन पर कब्जा लेने आ पहुंचे। आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोगों ने उसके अलावा खेत में काम कर रहे अन्य सदस्यों के साथ उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। जिस घटना की पूरी वीडियो वहां पर मौजूद एक शख्स ने अपने मोबाइल में रिकार्ड कर ली। प्रेम सिंह एवं उसके परिवार के सदस्यों ने कहा कि पुलिस ने मामले में उलटे उनपर ही केस दर्ज कर दिया। मामले पर एसपी ने जाखल थाना एसएचओ को जांच कर सच सामने लाने के निर्देश दिए। वहीं इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेम सिंह की शिकायत पर विंदर सिंह, लखविंदर सिंह निवासी नत्थुवाल, भुपेंद्र सिंह व उसकी पत्नी सुरेंद्र कौर निवासी चुहड़पुर तथा दर्शन सिंह निवासी ढ़ानी गुरथली सहित पांच अन्य व्यक्तियों के खिलाफ 14 जून को जमीनी कब्जे को लेकर हुए विवाद का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस थाना के एएसआई राधा कृष्ण कर रहे हैं। एएसआई राधा कृष्ण ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।