सोनीपत में लेडी गैंगस्टर ने जीजा की हत्या की
- फोटो : अमर उजाला
कामी रोड स्थित बाबा मोनी डेरे के पास से कुख्यात रविंद्र पुगथला का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पा रही है। बुधवार को उसके साथी शक्ति को एक दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गैंग की महिला सदस्य गीता को मंगलवार को ही पुलिस न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं, तीसरे आरोपी दीपक निवासी कामी की हालत स्थिर है, जो मुठभेड़ में गोली लगने के चलते खानपुर मेडिकल कालेज में दाखिल है।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक हरदीप दून ने बताया था कि सोमवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि रविंद्र पुगथला अपने साथियों के साथ कामी रोड स्थित मोनी बाबा के डेरे के पास आने वाला है। पुलिस ने अपना जाल बिछा दिया था। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गांव कामी निवासी दीपक घायल हो गया था और उसके साथी राजपुर निवासी शक्ति और दिल्ली निवासी कुख्यात दिनेश कराला की साली मोहम्मदाबाद निवासी गीता को पुलिस ने काबू कर लिया था। पुलिस ने उनके पास से तीन पिस्तौल व कारतूस बरामद किए थे।