अस्पताल परिसर से पकड़े गए युवक पर डंडे बरसाते सिटी एसएचओ हरबंस लाल।
- फोटो : amar ujala
कबीर बस्ती में रविवार रात को हुई पथराव की घटना के बाद हालात बिगड़ गए हैं। सोमवार सुबह फिर से दो अन्य युवकों पर चाकुओं से हमला होने के बाद हंगामा कर रहे युवकों पर सिटी पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। खुद एसएचओ सिटी हरबंस लाल भी युवकों पर डंडे बरसाने में सबसे आगे रहे।
रविवार रात को पुलिस की किरकिरी से गुस्साए सिटी एसएचओ का सोमवार सुबह अलग ही रूप देखने को मिला। दरअसल रात की पथराव की घटना और सोमवार सुबह भी चाकूबाजी की घटना से गुस्साए लोग अस्पताल परिसर में एकत्र होकर हंगामा कर रहे थे। साथ ही अस्पताल में पुलिस अधिकारियों को भला-बुरा कह रहे थे। इसी बीच सिटी एसएचओ अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे और गाड़ी से उतरते ही युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से एक बार तो अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दवाइयां लेने और इलाज करवाने आए मरीज और उनके तीमारदार सहमे-सहमे से नजर आए। तकरीबन 15 मिनट तक सिटी पुलिस की टीम और हंगामा कर रहे युुवकों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। सिटी एसएचओ ने खुद अस्पताल प्रांगण का एक-एक कमरा खंगाला और बेवजह वहां बैठे लोगों को बाहर निकाल दिया। लाठीचार्ज से वहां मौजूद महिलाएं भी भौंचक्की रह गई और चुपचाप एक तरफ जाकर खड़ी हो गईं। हालांकि, सिटी एसएचओ हरबंस लाल ने पहले से अस्पताल में मौजूद सब इंस्पेक्टर को लापरवाही से काम करने का उलाहना भी दिया।