बीघड़ रोड पर पायनियर स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक बालक को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी कार चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। मृतक बालक की पहचान स्थानीय हरनाम कॉलोनी निवासी युवी (11) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद कार चालक का गुस्साए लोगों ने पीछा करने का प्रयास किया और कुछ किलोमीटर आगे गांव बीघड़ के पास खड़ी एक कार को उन्होंने आरोपी की कार समझ कर उसको क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, गुस्साए लोगों ने उन्हें रोकने आए कार मालिक हनी बजाज एवं उसके साथी को भी घायल कर दिया। बाद में आसपास के लोगों ने उन्हें बचाया।
जानकारी के अनुसार हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी युवी अपने किसी काम से सड़क पार जा रहा था कि अचानक बाईपास रोड से बीघड़ को जाती एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर युवी को उड़ा दिया। युवी की तुरंत ही मौत हो गई। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम और एंबुलेंस को सूचित कर दिया, जिसके बाद एंबुलेंस में डालकर युवी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसके पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं तोड़ी गई कार के मालिक हनी के भाई रितेश ने बताया कि वह बिजनेस करते हैं। भाई हनी बजाज अपने साथी के साथ बीघड़ से होते हुए आदमपुर टूर पर जा रहा था। बीघड़ गांव के मोड़ पर स्थित सतनाम फर्नीचर पर उसे कुछ हिसाब-किताब करना था, इसलिए वो गाड़ी यहां खड़ी करके दुकान में चला गया। इस बीच लोगों ने उसकी कार को तोड़ना शुरू कर दिया। जब वो रोकने पहुंचा तो उन पर भी हमला कर दिया। बाद में फर्नीचर हाउस के मालिक ने आकर उसकी सफाई दी कि वो आधे घंटे से उसकी दुकान पर मौजूद था। बाद में पीसीआर वन के इंचार्ज सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने घटनास्थल एवं तोड़ी गई कार का निरीक्षण भी किया। इस बीच सिटी पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरु कर दी है।