कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका वीरवार को यहां एक कार्यक्रम में पीली बत्ती लगी गाड़ी से पहुंचीं। उस पर वर्ष 2013 का अनुमति पत्र लगा था। पूछने पर उन्होंने कुछ भी जानकारी होने से इनकार किया और खुद को गृहिणी बताकर मामले से पल्ला झाड़ लिया। थोड़ी देर बाद उनके चालक ने पीली बत्ती को गाड़ी से उतारकर अंदर रख लिया।
वीरवार को पटवार भवन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की धर्मपत्नी अवंतिका तंवर एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थी। जिस गाड़ी से वो आई थीं, उस पर पीलीबत्ती लगी हुई थी। इस पर अनुमति पत्र भी लगा था, लेकिन यह चार वर्ष पुराना यानी कि वर्ष 2013 का था।
गौरतलब है कि तब उनके पति और वर्तमान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर सिरसा से सांसद थे। कार्यक्रम के बाद जब मीडिया कर्मियों ने गाड़ी पर लगी बत्ती के बारे में उनसे पूछा तो वे सकपका गईं और कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं जानती हैं। बाद में अपने गृहिणी बताकर मामले से पला झाड़ लिया। हालांकि बाद में उनके चालक ने पीली बत्ती उतारकर गाड़ी में रखी ली। गौरतलब है कि अवंतिका आज तक सांसद, विधायक या किसी बड़े पद पर नहीं रही हैं।