रतिया क्षेत्र में गो तस्करी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को गोरक्षकों ने 16 बैलों से भरा एक ट्रक पकड़ा था। इसके बाद शनिवार को एक और ऐसा ही मामला सामने आया। शनिवार अलसुबह गांव खुनन के पास ग्रामीणों ने एक ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच की तो उसमें एक बैल और 15 गायों को ठूंस-ठूंसकर रखा गया था। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को काबू कर सूचना नागपुर पुलिस चौकी को दी। नागपुर चौकी इंचार्ज साधुराम ने एक टीम को मौके पर भेजा और आरोपी चालक सुच्चा सिंह को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। \
जानकारी के अनुसार बीती रात गांव खुनन बस स्टैंड के पास गांव खुनन निवासी जसविंद्र सिंह और अन्य ग्रामीणों ने पंजाब से एक ट्रक को आते देखा। ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर देखा कि ट्रक में पराली के नीचे काफी संख्या में गाय और बैल लदे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना नागपुर चौकी को दी। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर शनिवार को ही कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया। ट्रक से बरामद गाय और बैल को नागपुर गोशाला में भेज दिया गया।