कुत्तों के हमले से घायल हुई फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन सुमन उर्फ बिलिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गांव हसंगा में पिछले दिनों अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बेघर हुई एक बच्ची को शुक्रवार को कुछ लावारिस कुत्तों ने बुरी तरह नोंच कर घायल कर दिया। आठ साल की बच्ची सुमन उर्फ बिलिया को उपचार के लिए फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल में भर्ती सुमन के पिता नारायणदास ने बताया कि उनके घरों को गिराए जाने के बाद से उनका परिवार बेघर है और कभी पीएचसी सेंटर तो कभी खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं। नारायण दास ने बताया कि शुक्रवार को उनकी आठ साल की बच्ची सुमन गांव में ही एक दुकान पर सामान लेने के लिए निकली थी कि रास्ते में अचानक कुछ लावारिस कुत्तों ने उसे घेर लिया और उसे जगह-जगह बुरी तरह नोंच लिया। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने बहुत मुश्किल से सुमन को आवारा कुत्तों के कब्जे से छुड़ाया और परिजनों को सूचित किया। उसे उपचार के लिए पहले भूना के पीएचसी में दाखिल करवाया, जहां से उसे फतेहाबाद सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।