रतिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नंगल के पास छापामार कार्रवाई करते हुए एक युवक से सैकड़ों की संख्या में नशीली गोलियां बरामद की है। पुलिस ने आरोपी युवक से जब सप्लायर के बारे में पूछताछ की तो उसने गांव के ही एक झोलाछाप डाक्टर से नशीली गोलियां लाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने तुरंत आरोपी झोलाछाप डाक्ॅटर के घर छापामार कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने सप्लायर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया जबकि गोलियों के साथ दबोचे युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बाहमनवाला चौकी इंचार्ज देवी लाल को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव नंगल के पास एक युवक नशीली गोलियां लेकर जा रहा है। जिस पर चौकी इंचार्ज देवी लाल, सत्यदेव व आदराम ने एक टीम का गठन कर नंगल गांव के नाकाबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान गांव नंगल निवासी जगराज पुलिस टीम को देखकर वहां से भागने लगा तो टीम ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया।
जब पुलिस ने जगराज की तलाशी ली तो उसके पास से 110 टेबलेट अलडिक्स व 60 टेबलेट टेरामेक्स नशीली गोलियां बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को पकड़कर उससे पूछताछ शुरू कर दी तो आरोपी ने बताया की वह उक्त नशीली दवाइयां गांव के ही झोलाछाप डाक्टर रमेश से लेकर आया था। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रमेश के घर दबिश दी और रमेश को भी काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है।