न्यायिक परिसर में 27 अप्रैल को पेशी के दौरान हत्या की जानी थी इससे पहले ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इस बात का खुलासा पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में किया है। पकड़े गए आरोपी का दुकानों को लेकर विवाद चल रहा है इसी के चलते उसने दूसरे पक्ष के युवक की गोली मारकर हत्या करनी थी। पुलिस ने युवक को भूना क्षेत्र से 12 बोर पिस्तौल व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए स्टाफ ने चेकिंग के दौरान भूना से जयपाल निवासी बैजलपुर हाल खैरी रोड भूना से 12 बोर पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ पर जयपाल ने बताया कि वर्ष 1987 में उसने मर्डर किया था। कत्ल के केस में 7 साल की सजा काटकर बाहर आया है। उसका खैरी रोड पर दुकानों को लेकर विवाद चल रहा है जिसका मामला भी कोर्ट में है। आरोपी ने खुलासा करते हुए बताया कि 27 अप्रैल को कोर्ट में पेशी के दौरान मैने गांव किरमारा के एक व्यक्ति को मारना था। जिसके लिए वह तैयारी करने में लगा था।
अवैध हथियार रखने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार:
डीएसपी विजय सिंह जाखड व सीआईए इंचार्ज दलीप कुमार ने बताया कि फतेहाबाद के सेक्टर-3 हुडा में चेकिंग के दौरान महेंद्र निवासी खासा महाजन जिला हिसार को काबू करके उसके कब्जे से एक 315 बोर पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। दूसरे मामले में नेशनल हाईवे बडोपल पर नाकाबंदी के दौरान शक के आधार पर सतवीर सिंह निवासी साबरवास जिला हिसार को काबू करके एक 12 बोर पिस्तौल बरामद किया। तीसरे मामले में मताना मोड़ पर भूपसिंह निवासी साबरवास अग्रोहा को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है।