गंाव अलीका के पास एक व्यक्ति से हजारों की संख्या में नशीली गोलियां और शीशियां बरामद करने के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपी की शिनाख्त पर रतिया पुलिस ने देर रात दिल्ली से दवाइयां सप्लाई करने वाले सप्लायर पिंटू प्रसाद निवासी बलिया को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इसके बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सप्लायर को गिरफ्तार करने के लिए थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार की टीम ने आरोपी मंजीत के मोबाइल के काल डिटेल के आधार पर सप्लायर की लोकेशन का पता किया और उसे दिल्ली से धर दबोचा। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया की गत दिवस जब वह अलीका के पास रात को नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ले रहे थे तो पिलछियां निवासी मंजीत सिंह की गाड़ी से चेकिंग के दौरान नशीली गोलियां और शीशियां बरामद की गई थीं। इसके बाद पुलिस ने मंजीत के खिलाफ एनडीपीएस और ड्रग एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को कोर्ट में पेश किया।
जहां से कोर्ट ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया की रिमांड के दौरान आरोपी मंजीत से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि नशीली दवाइयों का धंधा फोन पर ही होता था और वह फोन पर ही आर्डर दे देता था। पुलिस ने मंजीत की कॉल डिटेल के आधार पर लोकेशन की जानकारी ली तो वह दिल्ली की निकली। इसके बाद थानाध्यक्ष महावीर और सज्जन की अगुवाई में टीम का गठन करके दिल्ली भेजा। यहां से पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिला निवासी अरिहोली निवासी और फिलहाल आबाद सोनिया विहार दिल्ली पिंटू प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया ।