तीन दिन पहले कुल्हाड़ी के हमले में घायल वृद्धा प्यारो कौर की बुधवार की सुबह अग्रोहा मेडिकल में मौत हो गई। सदर पुलिस ने मामले में फरार चल रहे मृतक वृद्धा के पति रामसिंह पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी रामसिंह अभी फरार है। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे भी किए। पुलिस ने बताया कि रामसिंह ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से जब हमला किया तो वह घायल हो गई, जिसके बाद वह उसके कान की बालियां भी नोंचकर भाग गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रामसिंह शराब का आदि है और उसने परिवार से अपने हिस्से की जमीन लेकर अलग हो गया और उसे 25 लाख में बेच दी। परिजनों का आरोप है कि उसने सारे पैसे शराब में उड़ा दिए। सारा पैसा खत्म करने के बाद वो फिर से परिवार के साथ रहने आ गया। पिछले कुछ समय से वो वृद्धा के नाम पर पड़ा एक दो मरले प्लाट को भी बेचना चाहता था जिसके बाद दोनों में झगड़ा बढ़ा और उसने कुल्हाड़ी लेकर अपनी ही पत्नी प्यारों कौर के चेहरे पर ताबड़-तोड़ कई प्रहार किए। आवाज सुनकर आरोपी का पोता सतनाम सिंह एवं उसकी पौत्रवधू कमरे में आए और दादी को खून से लथपथ देखा तो उन्होंने शोर मचाया। इस बीच आरोपी रामसिंह मौके से फरार हो चुका था।
परिजनों ने दादी प्यारों कौर को देर रात ही अस्पताल में दाखिल करवाया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया। जहां बुधवार सुबह उपचार में उसकी मौत हो गई। इस बारे में बात करने पर सदर एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया की इस मामले में वृद्धा प्यारों कौर के पोते की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।