गांव सहनाल में कार पर सवार होकर आए 5 युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में दंपति घायल हो गया। घायल भूपेंद्र सिंह पुत्र जसवंत सिंह तथा उसकी पत्नी रमनदीप कौर को रतिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
उपचाराधीन ने आरोप लगाते बताया कि रविवार दोपहर बाद जब वह पति-पत्नी घर में बैठे थे तो उसी दौरान एक कार से पांच लोग आए। इसमें गांव का भी व्यक्ति शामिल था। ये सभी लोग घर में जबरन घुस आए और आते ही उन पर हमला कर दिया।
आरोप लगाया कि जब उसकी गर्भवती पत्नी ने बीचबचाव किया तो इन लोगों ने उसके साथ भी कथित मारपीट की और घायल कर दिया। घायल ने बताया कि उसका उक्त लोगों के साथ कोई विवाद नहीं है, लेकिन उसके बावजूद भी योजनाबद्ध तरीके से ही हमला किया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि काफी समय पहले बच्चों की लड़ाई हुई थी, जिसमें बाद में समझौता भी हो गया था। उसी रंजिश के चलते ही घर में घुसकर हमला किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कथित हमले को लेकर पूरी जांच की जा रही है और उसी आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।