गांव शक्करपुरा की लक्खुवाली ढ़ाणी में बुधवार दोपहर बाद बच्चों को छोड़ने के लिए आ रही एक स्कूल बस खेत में पलट गई। लेकिन गनीमत यह रही कि बस में सवार करीब 50 बच्चे बाल-बाल बच गए, जबकि एक बच्चे को चोट लगी है। जिसे तुरंत गांव के निजी चिकित्सक से उपचार कर घर ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही म्योंद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मानें तो स्कूल बस की रफ्तार अधिक होने के कारण हादसा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना को देखते ही उन्होंने तुरंत बस से बच्चों को बाहर निकाला। जिससे वह बाल-बाल बच गए। टोहाना के आदर्श हाई स्कूल की एक बस बुधवार दोपहर छुट्टी के बाद बच्चों को वापस छोड़ने के लिए आ रही थी। लक्खुवाली ढ़ाणी के पास अचानक बस असंतुलित हो गई और वह सड़क किनारे धान के खेत में पलट गई। घटना को देखते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। प्रत्यक्षदर्शी महिंद्र राम ने बताया कि बस में सवार बच्चों को बचाने के लिए सभी लोग बस चालक सहित मिलकर जुट गए और बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। जिसमें से एक पहली कक्षा में पढ़ने वाले शुभम पुत्र मदन लाल निवासी शक्करपुरा को कान और पीठ पर चोट लगी। जिसे तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया।
बसों की हालत और व्यवस्था को लेकर रोष जताया
घायल शुभम के परिजनों में उसकी मां सिमरन सहित अन्य ग्रामीणों ने बसों की हालत और बच्चों को लाने ले जाने के लिए स्कूलों की ओर से किए गए प्रबंधों पर रोष जताया। अभिभावकों ने बताया कि बसों के चालक अनट्रेंड हैं। उनकी स्पीड भी अधिक होती है। स्कूल संचालक उनसे मोटी रकम वसूलते हैं, जबकि बच्चों को कंडम बसें उपलब्ध कराई जाती है।
मामले की हो रही जांच
मौके पर पहुंचे म्योंद पुलिस चौकी के एएसआई धर्मबीर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों ने बस पलटने की सूचना दी। जिस पर घटना स्थल का जायजा लेकर जांच की जा रही है। बस की हालत कंडम है। जिसके टायर भी काफी पुराने हैं। मामले की उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। उनके आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल संचालक बोले, नहीं है हादसे के कारणों की जानकारी
हालांकि घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रिंसिपल भजन लाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा अभी इस बस पर नया चालक रखा गया है। जिसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में सवार सभी बच्चे ठीक हैं। बसों की हालत पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराएंगे।