गांव दैयड़ में शुक्रवार देर रात को देसी शराब के ठेके पर कार सवार एक दर्जन बदमाशों ने बंदूक के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ठेके पर जमकर तोड़फोड़ की और गल्ला तोड़कर नकदी लूट कर ले गए। बदमाशों के हमले में तीन शराब ठेकों का ठेकेदार भी घायल हो गया है। उसे फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैै। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर मेवा सिंह उर्फ कालू निवासी जांडवाला, भानीराम निवासी जांडवाला बागड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गांव दैयड़ में जगसीर उर्फ शेरा निवासी जमालपुर शेखां देसी शराब का ठेका चलता है। जगसीर के अनुसार जांडवाला और ढाबी खुर्द में भी शराब के ठेके हैं।
जगसीर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर रात को वह ठेके पर बैठा था। आरोप है कि सफेद और कॉफी रंग की कारों में एक दर्जन के करीब लोग आए। इसमें मेवा सिंह और भानीराम निवासी जांडवाला भी शामिल थे। उन्होंने आते ही तीनों शराब के ठेकों पर बिकने वाली शराब पर कमीशन मांगा। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी और गल्ला तोड़कर 22 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। बदमाशों ने ठेके पर तोड़फोड़ भी की।
जब वह बदमाशों के पीछे भागा तो उक्त लोगों ने उसके जीजा की लाइसेंसी बंदूक छीन ली और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फायरिंग के बाद गांव में हड़कंप की स्थिति हो गई। आपसी झड़प में घायल हुए जगसीर सिंह को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। यहां शनिवार सुबह पुलिस ने बयान दर्ज करते हुए दो नामजद सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव दैयड़ में शराब ठेके पर हुई डकैती मामले में जगसीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में दो नामजद और सात-आठ अन्य के खिलाफ डकैती और फायरिंग करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मुकेश बेनीवाल
भट्टू थाना प्रभारी