रतिया-हिसार रोड स्थित कल्याणी नर्सिंग होम पर महिला के गर्भपात के आरोप में अस्पताल संचालिका डॉ. कांता गर्ग और उसके बेटे डॉ. गगनदीप गर्ग पर केस दर्ज हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के एसएमओ डॉ. सतीश गर्ग की शिकायत पर अवैध गर्भपात करने, धोखाधड़ी करने और सबूत मिटाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दिया है। हालांकि आरोपी चिकित्सक गगनदीप गर्ग फरार है और डॉ. कांता अस्पताल में उपचाराधीन है। मंगलवार को पीड़ित महिला पिरथला निवासी सुशीला को शहर पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश कर बयान दर्ज करवाए गए।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को अस्पताल में छापेमार कार्रवाई की थी। जिसमें लगभग पांच घंटे लगातार हुई जांच के बाद संचालक व उसके बेटे के खिलाफ एमपीटी की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया। इस दौरान नर्सिंग होम की संचालिका अचानक बीमार पड़ गई जिसे मोहाली अस्पताल भेजा गया। वहीं संचालिका का बेटा डॉ. गगनदीप मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तालाश में जुटी है।