टोहाना। टोहाना के नए गुरुद्वारा के पास हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं, उसकी मां भी घायल हो गई। घायल महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद बच्ची का शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी चालक मौके से फरार है।
सरकारी अस्पताल में मृतक बच्ची आरजू की दादी देशो देवी ने बताया कि उसकी पोती बीमार थी। उसको दवाई दिलाने के लिए उसका बेटा और पुत्रवधू लोडिंग रिक्शा में गए हुए थे।
उसका बेटा लोडिंग रिक्शा से मजदूरी का काम करता है। जब वे दवाई लेकर वापस लौट रहे थे तो तूर नगर गुरुद्वारा के पास उनके लोडिंग रिक्शा की कैंटर से टक्कर हो गई। इससे रिक्शा पलट गई तथा बच्ची व उसकी मां सड़क पर जा गिरीं। इस दौरान कैंटर की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई।
जांच अधिकारी कर्ण सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर-17 निवासी जसपाल की बच्ची की कैंटर की चपेट मे आने से मौत हो गई। शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।