आरोपी ने महिला पर गोली चलाई लेकिन वह खिड़की में जा लगी फिर महिला स्टोर में चली गई, जहां आरोपी ने उसके माथे पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्यारोपी जाते-जाते नौकरानी को गले से पकड़कर कमरे में बंद करके चला गया। पत्नी से फोन पर बात नहीं होने पर चिमनलाल ने करीब 10 से 12 बार फोन मिलाया लेकिन फोन नहीं उठा। जब वह घर पहुंचे तो पत्नी का शव स्टोर में देखा।
चिमनलाल ने आरोप लगाया है कि अज्ञात युवक लूटपाट के इरादे से घर में घुसा और पत्नी ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह उसकी पत्नी का मोबाइल फोन भी ले गया। चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी एएसआई महिंद्र सिंह ने बताया कि चिमनलाल की शिकायत पर धारा 450, 392, 302 आईपीसी व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्जकर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज : बाहर निकलने के बाद आरोपी ने किसी को मिलाया फोन
पुलिस टीम ने वारदात स्थल के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला है। पुलिस के मुताबिक फुटेज में 12 बजकर 17 मिनट पर एक संदिग्ध व्यक्ति वकील के घर की तरफ से गली की ओर आ रहा है, जो बाहर निकलने के बाद किसी को फोन मिलाता दिख रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई है, ताकि उससे भी जांच में मदद ली जा सके।
अज्ञात आरोपी ने एडवोकेट चिमन गोयल के घर में घुसकर उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या की है। प्रथम जांच में रंजिशन हत्या प्रतीत हो रही है। पुलिस को घर से गोलियों के तीन खोल मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। - बिरम सिंह, डीएसपी, टोहाना।