अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
रेलवे रोड पर गुरुद्वारे के पास दिनदहाड़े बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी के घर में घुसकर 30 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में अकेली महिला को पिस्तौल और चाकू दिखाकर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद घर की अलमारी को तोड़कर उसमें रखी 30 लाख रुपये की नकदी लूट ली। सूचना मिलने पर डीएसपी जोगेंद्र शर्मा, सीआईए पुलिस और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसपी कुलदीप यादव ने भी वारदात स्थल का दौरा किया।
टेलीफोन एक्सचेंज से लाइनमैन के पद से रिटायर हुए सूरजभान गुप्ता अपने परिवार सहित तीन साल पहले टोहाना में रहने आ गए थे। इसके बाद बेटे हरबिलास ने नई अनाज मंडी में गुप्ता पेस्टिसाइड के नाम से दुकान कर ली। सूरजभान ने बताया कि भाई ने कुछ दिन पहले उनकी जमीन बेची थी। इसका कुछ कैश दुकान और घर में रखा हुआ था। बुधवार को करीब ढाई बजे अनाजमंडी स्थित हरबिलास दुकान पर था। पिता सूरजभान शेविंग कराने के लिए घर से बाहर गए थे। बहू रूपाली रसोई में काम कर रही थी। इसी दौरान तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसे। उन्होंने महिला की गर्दन पर चाकू रख दिया और एक युवक ने पिस्तौल तानकर उसे बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद युवकों ने घर की अलमारी को प्लास से तोड़ा और 30 लाख रुपये की नकदी उड़ा ले गए। रूपाली ने बताया कि तीनों लोगों में से एक ने कुर्ता और एक ने शर्ट डाली हुई थी। वहीं पड़ोसी महिला ने बताया कि वह अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी थी इस दौरान दो लोग बाइक पर आकर पहले दो बार गली का चक्कर लगाकर गए थे। इसके बाद तीन बदमाश वे ही लोग एक अन्य व्यक्ति के साथ सूरजभान के घर में घुसे। लगभग 15 मिनट बाद वह लोग घर के बाहर आए थे।
क्या कहते हैं एसएचओ
इस बारे में थाना शहर प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पास सूचना आई थी कि रेलवे रोड पर हरबिलास गुप्ता के घर पिस्तौल और चाकू दिखाकर महिला से 30 लाख रुपये की लूट हुई है। जिसके बाद डीएसपी, चौकी टीम, सीआईए टीम मौके पर पहुंची है और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले को जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा।