अमर उजाला ब्यूरो
रतिया (फतेहाबाद)।
भूना रोड पर रविवार तड़के तेज रफ्तार कार पुल को टक्कर मारकर नहर में गिर गई। कार में एक दंपति सहित दो बच्चे सवार थे। लोगों ने कार को नहर में गिरता देखा तो उधर दौड़ पड़े और दंपति व उनके दोनों बच्चों को तत्परता दिखाते हुए बाहर निकाला। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से नहर में गिरी कार को बाहर निकाला।
कुरुक्षेत्र निवासी हरदेव कुमार शनिवार रात सिरसा एक कार्यक्रम में गए थे और रात को रतिया रुके। रविवार सुबह जब वह कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए तो भूना रोड स्थित नहर के पुल के पास कार का संतुलन अचानक बिगड़ गया और कार नहर में जा गिरी। जिससे कार में सवार हरदेव, उसकी पत्नी और दोनों बच्चे कार सहित नहर में जा गिरे। पीड़ित परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और सभी को कार से सकुशल बाहर निकाला। अगर थोड़ी देरी होती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। वहीं लोगों में नहर के इस पुल को लेकर काफी रोष है। उन्होंने बताया कि नहर के इस पुल की पोजीशन ठीक न होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं और कई बार लोगों की जान भी गई है।