अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
शहर भूना में 19 वर्षीय युवती से तांत्रिक द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन भूना निवासी 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर भूना पुलिस ने तांत्रिक हरपाल उर्फ काला निवासी मोची रोड, भूना के विरुद्घ छेड़छाड़ के आरोप में धारा 354, 452, 506 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया है कि हरपाल उर्फ काला तंत्र-मंत्र का काम करता है। वह 21 अक्तूबर की रात उनके घर आया हुआ था। तांत्रिक हरपाल उनके घर देर शाम तक रुका रहा और रात को उसने चाय पीने की इच्छा जाहिर की। तांत्रिक की इच्छा के बाद परिवार के सभी लोगों के लिए चाय बनाई गई। तांत्रिक ने धोखे से चाय में कुछ मिला दिया। चाय को पीने के बाद परिवार के सभी लोग गहरी नींद सो गए।
तांत्रिक भी देर रात हो जाने का बहाना कर उनके घर में ही सो गया। जब परिवार के सब लोग सो गए तो तांत्रिक हरपाल ने घर में सो रही 19 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने बताया कि तांत्रिक की छेड़छाड़ के दौरान उसकी आंखें खुल गईं और तांत्रिक अपने गलत इरादों में कामयाब नहीं हो सका। इस पर तांत्रिक पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देकर चला गया। युवती ने इस मामले की जानकारी सुबह परिवार के सदस्यों को दी तो वे थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।