अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। गांव रुपांवाली में सरपंच पद के उम्मीदवार को गांव के सरपंच द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने गांव के सरपंच के खिलाफ कोर्ट में फर्जी शैक्षणिक योग्यता का केस दर्ज करवा रखा है। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर सरपंच सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्रामीण संदीप कुमार ने बताया कि उसकी कुलां चौक पर भूना रोड की ओर किरयाने की दुकान है। उसने कहा कि उसने वर्ष 2016 में गांव के सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। उस समय ग्रामीण कुलदीप सिंह चुनाव जीत गया था। उसने बताया कि कुलदीप सिंह दसवीं पास नहीं था, उसने फर्जी दस्तावेज लगाकर चुनाव जीता था। जिसके बाद उसने माननीय कोर्ट के माध्यम से जांच के बाद उस पर मुकदमा दर्ज करवा दिया था, लेकिन सरपंच की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने बताया कि आरोपी लगातार उस पर दबाव बनाकर राजीनामा का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह राजीनामा नहीं करना चाहता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार कुलदीप सिंह सरपंच, उसके चाचा का लड़का केवल सिंह, एक अन्य व्यक्ति के साथ कार में उसकी दुकान पर आकर रुका। उस दौरान कुलदीप सिंह ने पिस्तौल निकालकर कहा कि राजीनामा कर ले नहीं तो तुझे व तेरे परिवार को जान से मार देंगे। उसके बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है तथा उनको जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 506, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।