नशीला पदार्थ खिला मंगेतर ने किया दुष्कर्म, पिस्तौल के बल पर जबरन की शादी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। टोहाना की एक युवती से शादी से पहले ही उसके मंगेतर ने नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया और बाद में रिश्ता टूटने पर पिस्तौल के बल पर उससे जबरन कोर्ट मैरिज कर ली और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। टोहाना शहर पुलिस ने इस संबंध में विवाहिता की शिकायत पर उसके पति, सास सहित 4 लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह जीरकपुर की एक कंपनी में काम करती थी। मार्च 2018 में उसका रिश्ता पटियाला निवासी एक युवक के साथ हुआ था। इसके बाद उनकी सगाई टोहाना के एक होटल में हुई। बाद में मंगेतर उससे फोन पर बात करने लगा जिसके लिए वह उसे कई बार मना कर चुकी थी। जून 2018 में मंगेतर व उसके साथ बिचौलिया उसकी कंपनी के बाहर आए और उससे रिश्ते की बात कहकर साथ ले गए और एक ढाबे पर नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद मंगेतर उसे एक होटल में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती कर उससे दुष्कर्म किया। 15 अगस्त को दोबारा मंगेतर वहां आया और चाय में नशीला पदार्थ देकर उसे फिर दूसरे होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया और पिस्तौल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। यह बात उसने अपने परिजनों को बताई तो उसकी मां ने रिश्ता तोड़ दिया। आरोप है कि 2 अक्तूबर को मंगेतर व बिचौलिया उसे जबरन पिस्तौल के बल पर उठा ले गए और उसे धमकाकर कोर्ट में उससे शादी कर ली। इसके बाद पति और उसकी मां ने उनसे दहेज की मांग शुरू कर दी। जिससे परेशान होकर उसने शिकायत की है। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति, सास, बिचौलिया व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।