‘लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बोल रहा हूं, 10 लाख का इंतजाम 1 हफ्ते में कर दो’
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद के मोबाइल विक्रेता को तीन राज्यों में आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई का गुर्गा बताकर उससे फोन पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फतेहाबाद शहर पुलिस ने इस संबंध में मोबाइल विक्रेता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में विनोद कुमार निवासी शिवनगर ने बताया कि वह फतेहाबाद की पालिका बाजार में मोबाइल की दुकान है। वीरवार को दोपहर करीब 1 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने उसे कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई का बंदा है और उसे 10 लाख रुपये 1 सप्ताह के बीच में चाहिए। अगर उसे रंगदारी नहीं मिली तो वह उसे गोली मार देगा। विनोद ने बताया कि फोन आने के बाद वह काफी घबरा गया और देर शाम को उसने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस आरोपी के फोन को ट्रेस करने में जुटी हुई है। ज्ञात रहे कि लॉरेंस बिश्नोई पंजाब, राजस्थान व हरियाणा में कुख्यात अपराधी के तौर पर जाना जाता है। वह सबसे अधिक सुर्खियों में तब आया था, जब उसने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या करने की धमकी दी थी। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया था।