भूना/ फतेहाबाद। फतेहाबाद रोड पर गुरु द्रोणाचार्य कॉलेज के निकट नव निर्मित होटल पर नगर एवं योजनाकार विभाग का पीला पंजा चला। विभाग की टीम के नेतृत्व में जेसीबी मशीन ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। हालांकि होटल मालिक दिनेश कुमार बार-बार गिड़गिड़ाता रहा, मगर भारी पुलिस बल के समक्ष उसकी एक नहीं चली। महज एक घंटे की कार्रवाई के दौरान नवनिर्मित पूरा होटल मलबे में तबदील हो गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जिला नगर योजनाकार जेपी खासा, की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सतबीर सिंह कादियान, इंसपेक्टर पुष्पा देवी, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, पटवारी रामकिशन व लिपिक नरेश कुमार के अलावा पुलिस इंचार्ज सब इंसपेक्टर खेता राम को शामिल किया गया। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच टीम फतेहाबाद रोड पर स्थित नवनिर्मित होटल पर कार्रवाई करने पहुंची। मौके पर पूरी तरह से वीडियोग्राफी करवाई गई और होटल में रखे सामान को बाहर निकाला गया। जिसके बाद जेसीबी मशीन के द्वारा होटल गिराने का कार्य शुरू कर दिया गया।
अवैध रूप से किया जा रहा था निर्माण
डीटीपी जेपी खासा ने बताया कि सड़क के साथ अवैध रूप से जांडली खुर्द निवासी शांति देवी पत्नी हरदयाल सिंह ने होटल का निर्माण शुरू किया गया था। जिसको लेकर विभाग ने 25 जनवरी 2019 को होटल मालिक को नोटिस थमाकर अवैध निर्माण रोकने के आदेश दिए गए थे। लेकिन मालिक से आदेशों को नजरअंदाज किया तो विभाग ने पुन: 18 फरवरी को दूसरा नोटिस जारी किया। मगर फिर भी होटल मालिक ने विभागीय नोटिस को ठेंगा दिखाते हुए निर्माण जारी रखा। जिसके बाद तीसरा नोटिस देकर निर्माण गिराने की चेतावनी दी गई थी। उसी के चलते मंगलवार को विभाग ने अवैध निर्माण को गिराया है।
लोगों से की अपील, अवैध कॉलोनी में न करें निवेश
डीटीपी ने बताया कि भूना, भट्ठू व रतिया मेें कुछ अवैध कॉलोनियां काटने संबंधी शिकायत विभाग को मिली है, जिस पर संज्ञान लिया गया है। खासा ने कॉलोनी में निवेश करने वाले लोगों ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति कॉलोनाइजरों के झांसे में न आकर अवैध कॉलोनियों से सावधान रहे। उन्होंने कहा कि यदि अवैध कॉलोनियों में अगर किसी ने निर्माण शुरू किया है तो वह भी तोड़े जाएंगे, जिसके लिए निवेशक स्वयं जिम्मेदार होगा। रतिया मेें एक कॉलोनी काटने पर कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस में शिकायत दी गई है।