पशु व्यापारी का अपहरण कर लूटे 6 लाख रुपये
नथवान के पास बेहोशी की हालत में फेंककर फरार, अस्पताल में करवाया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। सोमवार देर रात्रि पंजाब के एक बाइक सवार पशु व्यापारी का कार सवार चार नकाबपोश युवकों ने अपहरण कर उससे मारपीट कर 6 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। पशु व्यापारी को उक्त नकाबपोश युवक बेहोशी की हालत में नथवान गांव के समीप बने एक ठेके के पास फेंककर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व लोगों ने घायल व्यापारी को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने व्यापारी के ब्यान लेने के बाद जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दिए ब्यान में लाल सिंह निवासी खडियाल कोठी (सुनाम) ने बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से रतिया के आसपास पशुओं का व्यापार करता है। सोमवार रात्रि उसने मानावाली गांव जाना था, इसलिए वह सोमवार शाम को अपने गांव से मानावाली के लिए बाइक पर जा रहा था। रतिया में उसने रात्रि को एक रेहड़ी पर जलेबी खाई। जब वह लेट हो गया तो उसने अपने रिश्तेदारों को कहा कि वह लेट हो चुका है तो रिश्तेदारों ने कहा कि वह रतिया अनाज मण्डी में अपने जानकार के यहां रुक जाए। लाल सिंह ने आरोप लगाया कि जब वह मण्डी की ओर जा रहा था तो संजय गांधी चौक के पास सफेद रंग की गाड़ी जिसमें करीब 4 नकाबपोश युवकों ने बाइक से धक्का देकर उसे गिरा दिया व उस पर पाउडर डालकर बेहोश कर दिया और जबरन कार में डाल लिया और उससे मारपीट शुरू कर दी और रास्ते में उसे नहर में फेंकने की धमकी भी दी। लाल सिंह ने आरोप लगाया कि वह अपने साथ 6 लाख रुपये से अधिक की राशि व्यापारियों के भुगतान करने के लिए लाया था। उक्त युवकों ने उससे वह राशि छीन ली और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी व उससे मारपीट कर उसे बेहोशी की हालत में नथवान गांव के समीप फेंककर फरार हो गए। लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में देखकर मामले की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं इस बारे में थाना प्रभारी यादविन्द्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल जांच की जा रही है, जांच के बाद जो भी कार्रवाई होगी की जाएगी ।
27 एफटीबीपी 09-रतिया में पुलिस को जानकारी देता घायल व्यापारी