अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। शनिवार सुबह टोहाना रोड पर उस समय एक बहुत बड़ा हादसा होते हुए टल गया, जब स्कूटी पर सवार 2 युवकों की स्कूटी असंतुलित हो गई। असंतुलि स्कूटी सड़क के किनारे खड़े कैंटर के नीचे जा घुसी और उस पर सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। उपरोक्त घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन इत्तेफाकिया घटना होने के कारण युवकों के परिजनों ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। बताया जाता है कि आज सुबह शहर की टिब्बा कॉलोनी के 2 युवक अपनी स्कूटी पर सवार होकर भगत सिंह चौक की तरफ जा रहे थे तो रास्ते में एकाएक ही उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवकों स्कूटी से नीचे गिर गए। हालांकि नीचे गिरने के पश्चात दोनों युवकों को मामूली चोटें अवश्य पहुंची, लेकिन स्कूटी बंद न होने के कारण स्वयं ही चलती हुई साइड पर खड़े कैंटर के नीचे ही जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर असंतुलित हुई स्कूटी युवकों सहित ही कैंटर के नीचे घुसती तो बहुत जानी नुकसान हो सकता था, क्योंकि जिस धमाके के साथ स्कूटी कैंटर के नीचे जा घुसी थी, उससे न केवल स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, बल्कि उसे जैक के सहयोग से बाहर निकाला गया।