फतेहाबाद।
20 मई को गांव ढिंगसरा में हुए सुशील हत्याकांड की जांच अब सीआईए स्टाफ करेगा। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप यादव ने इस मामले की जांच भट्टू पुलिस से वापस लेकर सीआईए स्टाफ फतेहाबाद को सौंप दी है। हालांकि एसपी कुलदीप यादव ने ये साफ किया है कि वो भट्टू पुलिस द्वारा की जा रही जांच से संतुष्ट थे, लेकिन परिजनों के आग्रह पर ही इस केस को सीआईए को शिफ्ट किया गया है। इस केस में भट्टू पुलिस की याचिका पर ही कोर्ट ने सभी आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने की परमिशन दी थी। लेकिन सोमवार को इस मामले में मृतक सुशील के परिजन व शिकायतकर्ता भाई शिवकुमार एसपी यादव से मिले और उनसे केस की जांच सीआईए को सौंपने की मांग की। जिसके बाद इस मामले की जांच भट्टू पुलिस से लेकर सीआईए फतेहाबाद को सौंप दी गई।
ये था मामला
बीती 20 मई को गांव ढिंगसरा के वाटर वर्क्स के पास एक कार जली हुई अवस्था में थी। जिसमें एक व्यक्ति का शव भी था। गाड़ी के साथ शव भी बुरी तरह जल चुका था और कार के अंदर उसका कंकाल ही बाकी रह गया था। पुलिस जांच में मृतक की पहचान गांव के ही सुशील के रूप में हुई। मामले में मृतक के भाई शिवकुमार की शिकायत पर गांव के ही महेंद्र, लीलू, छोटू, नवनजीत, भरत, सुनील व भरत सिंह व महेंद्र की पत्नी पर हत्या का मामला दर्ज हुआ। पिछले दिनों भट्टू पुलिस ने इस मामले में कोर्ट में एक याचिका डालकर सभी आरोपियों के साथ शिकायतकर्ता शिवकुमार का लाई-डिटेक्टर टेस्ट करवाने की मांग की थी जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था।
सुशील हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने मिलकर सोमवार को सीआईए जांच की मांग की थी, हालांकि मैं खुद भट्टू पुलिस की जांच से संतुष्ट था, लेकिन परिजनों के आग्रह के मुताबिक इस मामले की जांच अब सीआईए फतेहाबाद को सौंप दी गई है।
कुलदीप यादव, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।
सीआईए करेगा ढिंगसरा के सुशील हत्याकांड की जांच
भट्टू पुलिस की जांच से नाखुश था परिवार, डीएसपी के आदेश के बावजूद अभी तक नहीं हुआ डीएनए टेस्ट
पुलिस कप्तान से मिलकर परिवार ने की थी सीआईए को जांच सौंपने की मांग
19एफटीबीपी15 : कुलदीप यादव, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद ।