शनिवार देर रात्रि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने फतेहाबाद रोड पर बूस्टिंग स्टेशन के पास सोनू नामक युवक पर हवाई फायर कर दिया। क्योंकि कुछ दिन पहले सोनू ने बिल्ला नामक युवक की किसी विवाद के चलते पिटाई की थी। उसी को लेकर सोनू पर शनिवार की देर रात को हमला किया गया था। हालांकि फायरिंग में कोई भी जख्मी नहीं है। पुलिस ने सोनू की शिकायत पर बिल्ला व पिन्नी नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, टोहाना रोड पर जग्गा सिंह की ऑटो रिपेयरिंग की दुकान है। जहां पर कुछ दिन पहले जग्गा सिंह के बेटे बिल्ला के साथ सोनू ने अज्ञात कारणों के कारण मार पिटाई कर दी थी। जिसका बदला लेने के लिए शनिवार देर शाम अपने दोस्त पिन्नी के साथ सोनू के घर हमला करने पहुंच गया, लेकिन जैसे ही सोनू घर से बाहर गली में खड़ा था तो मोटरसाइकिल पर सवार बिल्ला ने गाली गलौज किया और उस पर फायर कर दिया, लेकिन सौभाग्यवश गोली सोनू के ऊपर से गुजर गई। बिल्ला ने सोनू पर एक साथ दो गोलियां चलाई। सोनू के शोर मचाने के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए। गोली चलने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कपिल कुमार सिहाग मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोली चलाने वाले दोनों युवकों की पहचान के बाद सोनू के बयान पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
दोनों के तार गैंगवार से भी जुड़े होने की आशंका
सीआईए व भूना पुलिस गोली कांड को लेकर गंभीर है। इसलिए पूरा प्रकरण का खुलासा करने के लिए दो टीमें शनिवार रात्रि से ही भूना में प्रयास कर रही है। सोनू को बच्ची गैंग व बिल्ला को भांभू गैंग से संबंध होने को भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि सोनू व बिल्ला के खिलाफ इससे पहले पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। परंतु पिन्नी के खिलाफ हत्या प्रयास का मामला अंकित है। पुलिस गैंगवार के एंगल पर भी जांच में जुटी हुई है। क्योंकि बिल्ला को हिरासत में लेने के लिए पुलिस ने भांभू गैंग के कई ठिकानों पर शनिवार को दबिश भी दी है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष कपिल कुमार सिहाग ने बताया कि मामला आपसी रंजिश का है। सोनू व बिल्ला का कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। पुलिस ने सोनू के बयान पर बिल्ला व पिन्नी के खिलाफ फायरिंग करने का मामला दर्ज कर दिया है। दोनों की तलाश की जा रही है।