फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वकील की पत्नी की हत्या के आरोप में कैनाल पटवारी गिरफ्तार

विज्ञापन
फतेहाबाद के टोहना में वकील की पत्नी के हत्यारोपी को गिरफ्तार करके ले जाते पुलिसकर्मी। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
शहर के रेलवे रोड निवासी वकील चिमनलाल गोयल की पत्नी कुसुमलता की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने गांव नांगला निवासी राजविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। राजविंद्र पंजाब के बठिंडा जिले के गांव भूचो में कैनाल पटवारी के पद पर कार्यरत है। हत्या की वजह का खुलासा करने के नाम पर पुलिस ने चुप्पी साधी हुई है।
विज्ञापन

डीएसपी बिरम सिंह ने हत्या के कारणों का खुलासा न करते हुए बस इतना बताया कि आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसको रिमांड पर लेने की कोशिश रहेगी। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि रिमांड के बाद ही हत्या के कारणों की जानकारी दी जा सकेगी। पुलिस के अनुसार अहम बात ये है कि वकील चिमनलाल गोयल आरोपी को अच्छे से जानते हैं।
गौरतलब है कि 15 जनवरी को दिनदहाड़े रेलवे रोड निवासी वकील चिमनलाल गोयल की 60 वर्षीय पत्नी कुसुमलता पर घर में घुसकर पहले आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला किया, उसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतका के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटा परिवार सहित दिल्ली रहता है, जबकि बेटी शादी के बाद अमेरिका में रहती है।
विज्ञापन

सिर में गोली लगने, माथे पर तेजधार हथियार से चोट के मिले निशान
कुसुमलता के शव के पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया। इस बोर्ड में डॉ. सचिन मंगला, डॉ. सोनिया जैन व फार्मासिस्ट रमन को शामिल किया गया। महिला के शरीर में दो गोलियां लगी होने की आशंका के चलते बोर्ड द्वारा शव का दो बार एक्सरे भी करवाया गया। बोर्ड ने अपनी जांच में महिला के सिर में गोली लगने, माथे व सिर पर तेजधार हथियार से चोट के निशान होने की पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
चार टीमें कर रही थीं जांच, रतिया रोड पर फोटो दिखाई तो हुई आरोपी की पहचान
डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि वकील चिमनलाल गोयल की पत्नी की हत्या के मामले में एसपी राजेश कुमार के निर्देशानुसार चार टीमों का गठन किया गया था। सीआईए फतेहाबाद, सीआईए टोहाना, शहर पुलिस व चौकी की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसके बाद आरोपी की स्कूटी चलाते की फुटेज मिली। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में लगी। पुलिस ने रतिया रोड पर जब किसी को फुटेज दिखाई तो आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद आरोपी राजविंद्र को उसके किराये के मकान से काबू कर लिया गया। रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद करने का प्रयास रहेगा।
नशे का आदी है आरोपी
डीएसपी ने बताया कि आरोपी मूलरूप से टोहाना के गांव नांगला का निवासी है। वह टोहाना शहर के रतिया रोड पर किराये के मकान में रह रहा था। डीएसपी बिरम सिंह का कहना है कि आरोपी के अनुसार उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया है और उसके बाद घर में आकर छुप गया। डीएसपी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे में ही उसने वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपी को मां की जगह मिली थी नौकरी
आरोपी नांगला निवासी राजविंद्र की मां पहले कैनाल विभाग में नहर पटवारी के तौर पर कार्यरत थी। कुछ समय पहले मां की मौत के बाद सरकार की पॉलिसी के अनुसार उसे यह नौकरी मिल गई। आरोपी राजविंद्र पंजाब में अपनी पत्नी और 7 वर्षीय बेटी के साथ रहता है। पुलिस के अनुसार वकील चिमनलाल गोयल आरोपी को अच्छे से जानते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें